अलमस आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

टिहरी गढ़वाल। मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र अलमस प्रथम एवं अलमस द्वितीय द्वारा संयुक्त रूप से बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विभिन्न कौशलों का विकास करना, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता बढ़ाना तथा सामूहिक रूप से कार्य करने की आदत विकसित करना रहा।
बाल मेले के दौरान बच्चों के साथ चित्रकला, भाषा एवं गणित से संबंधित विभिन्न गतिविधियां कराई गईं, जिन्हें जनसमुदाय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इससे बच्चों को अपनी बात खुलकर कहने का अवसर मिला, वहीं अभिभावकों को आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित शैक्षिक व रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपने द्वारा तैयार किए गए कार्यों की प्रदर्शनी लगाई। साथ ही सामूहिक कविता पाठ, गणित में अंक पहचान, अल्फाबेट से शब्द निर्माण, सही-गलत की पहचान जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया, जिसमें बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी सहभागिता की। माताओं ने अपने बच्चों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर कुल 52 बच्चे अपने माता-पिता के साथ उपस्थित रहे, जबकि समुदाय से लगभग 50 लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में सुपरवाइजर प्रभा पवार, सुधा रावत एवं सोनी जुयाल रावत सहित संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं।
बाल मेले के विशेष आयोजकों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीता (अलमस द्वितीय), पिंकी (आंगनबाड़ी केंद्र सुरीधार थापला) के साथ सोबनी राणा, रुचि विजयलक्ष्मी, संगीता तथा सहायिका अनिता एवं प्रेमबाला शामिल रहीं। इसके अलावा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से मंजू रावत, संजय रावत एवं मुनाजिर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *