मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹42 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं, सड़क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, आपदा राहत एवं नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग ₹42 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा के ग्राम सभा बौन में श्री हयॉ गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा चारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख की स्वीकृति दी है। वहीं सल्ट विधानसभा क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार जनपद की पिरान कलियर विधानसभा के मेवड़ नागड़ श्मशान घाट में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा देहरादून जिले के मझाड़ा/कार्लीगाड़ क्षेत्र में दैवीय आपदा से प्रभावित 14 परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अंबेडकर कॉलोनी) तक सड़क के पुनर्निर्माण हेतु ₹85.49 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹4.38 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के शासकीय भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने हेतु ₹35.24 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹14.10 करोड़ जारी किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनपदों के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट एवं सोलर हाई मास्ट संयंत्रों की स्थापना के लिए ₹38 करोड़ तथा शासकीय भवनों पर सोलर वाटर हीटर संयंत्र लगाने के लिए ₹6.76 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश मंदिर में बाह्य मार्गों एवं अन्य सुविधाओं के निर्माण हेतु ₹3.28 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

इन स्वीकृतियों से राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, आपदा प्रभावित परिवारों को राहत तथा हरित ऊर्जा के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *