देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर उत्तराखंड और भारत का गौरव बढ़ाया। वहीं, पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने 12 से 16 जुलाई 2026 तक रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की बेटियां भविष्य में भी खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और प्रदेश का गौरव बढ़ाती रहेंगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
