हरेला पर्व पर अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, जागेश्वर क्षेत्र के लिए कीं कई बड़ी घोषणाएं

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद पौधारोपण कार्यक्रम और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से हरेला पर्व पर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, जहां लोगों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित पर्यावरण देने के लिए पौधारोपण के साथ उसका संरक्षण भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वृद्ध जागेश्वर और जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना से उन्हें नई ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा मिली है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक स्थलों और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और बौद्धिक परंपरा के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

जागेश्वर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

  • वृद्ध जागेश्वर का समग्र विकास किया जाएगा।
  • वृद्ध जागेश्वर मंदिर तक पेयजल योजना बनाई जाएगी।
  • जागेश्वर धाम, ऐरावत गुफा, जटा गंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग और आरतोला-जागेश्वर मार्ग स्थित मंदिरों का पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास किया जाएगा।
  • आरतोला के पास राज्य अतिथि गृह का निर्माण किया जाएगा।
  • जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर और आरतोला क्षेत्र में नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे।
  • आरतोला स्थित पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग में विकसित किया जाएगा।
  • आरतोला-जागेश्वर सड़क मार्ग पर आरसीसी नाली और सड़क सोल्डर का निर्माण किया जाएगा।
  • दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के विकास एवं जनकल्याणकारी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *