मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत को दी ₹123.79 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 17 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

 

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में कुल **123.79 करोड़ रुपये** की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित **17 विकास योजनाओं** का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें **27.79 करोड़ रुपये** की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा **96 करोड़ रुपये** की लागत से नौ नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 3.49 करोड़ रुपयेकी लागत से विकसित **जिम कॉर्बेट ट्रेल** का उद्घाटन किया। इसके अलावा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले **सिटी सेंटर** का भूमि पूजन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वच्छाग्रहियों, शिक्षकों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, बार एसोसिएशन के सदस्यों और अन्य वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चंपावत विकसित करना है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें।

उन्होंने बताया कि चंपावत नगर में **62.33 करोड़ रुपये** की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) बनाया जाएगा, जिससे पार्किंग समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए **257 करोड़ रुपये** की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा **58.52 करोड़ रुपये** की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के *’विकास भी और विरासत भी’* के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में **237.74 करोड़ रुपये** की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा **14 करोड़ रुपये** की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे विकसित चंपावत की मजबूत नींव साबित होंगी और क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, कृषि तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *