देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों तथा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कुल ₹105 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास, न्यायिक एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर कढोली के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए ₹93.36 लाख तथा पौड़ी गढ़वाल के देवीखाल स्थित माँ बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹72.67 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। दोनों परियोजनाओं के लिए प्रथम किश्त जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।
सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन एवं महिलाओं के लिए पृथक शौचालय और अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु ₹1.41 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विभाग की योजनाओं के लिए ₹1.50 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए ₹4.96 करोड़ तथा रामनगर स्थित दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए टाइप-3 आवासीय भवन निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण हेतु भारत सरकार द्वारा स्वीकृत ₹4.17 करोड़ के उपयोग को भी मंजूरी दी गई है।
शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पशु शवदाह गृह निर्माण, लीगेसी वेस्ट निस्तारण तथा कूड़ा वाहनों एवं उपकरणों की खरीद के लिए विभिन्न नगर निकायों को ₹48.58 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण हेतु ₹7.76 करोड़, रुद्रपुर शहर में सड़क चौड़ीकरण के लिए ₹13.73 करोड़ तथा रुद्रप्रयाग जनपद में छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु ₹4.02 करोड़ स्वीकृत किए हैं।
इसके अतिरिक्त लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधार के लिए ₹3.87 करोड़, चम्पावत में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर मार्ग के सुधारीकरण हेतु ₹9.87 करोड़ तथा रामनगर क्षेत्र में हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.06 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय विकास को गति मिलने के साथ ही आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
