ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को होटल नटराज, ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल ₹29.78 करोड़ की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹23.15 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण तथा ₹6.63 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत किया और कहा कि महापौर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास देश के भविष्य और नागरिकों की आकांक्षाओं को दिशा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने शहरों के विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन एवं सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष अब तक 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश में ₹1.80 करोड़ की लागत से 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य तथा ₹4.83 करोड़ की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा ₹23.15 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने शहरी स्वास्थ्य सेवाओं, निराश्रित गौवंश संरक्षण, एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना और हरित क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, विभिन्न नगर निकायों के महापौर एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
