उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा धीरे धीरे रफ्तार पकड़ने लगी है। एक सप्ताह में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की अब तक दोनों धामों में कुल 101645 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं जो कि तीर्थयात्रियों के भारी उत्साह और प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता तैयारियों का परिणाम है।
अक्षय तृतीया के मौके पर 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई है। प्राप्त सूचनानुसार सोमवार शाम तक जिले के श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बावजूद यात्रा पूरी तरह सुगम और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।
अब तक कुल 10617 वाहनों ने धामों तक सुरक्षित पहुँच दर्ज की है। 12735 श्रद्धालु धामों में दर्शन के लिए पहुंचे जिनमें 6557 ने यमुनोत्री व 6178 ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए । इनमें 6663 पुरुष , 5685 महिलाएं और 387 बच्चे शामिल हैं। आज धामों की ओर 1294 वाहनों की आवाजाही रही, जिसमें 233 बड़े और 1061 छोटे वाहन शामिल हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाम की स्थिति से निपटने और सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक पुलिस और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है जो संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी कर रही हैं।
तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने विशेष स्वास्थ्य शिविरों और चिकित्सा इकाइयों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की है। यात्रा मार्गों पर अब तक कुल 29800 यात्रियों की स्क्रीनिंग और 4007 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। 27 अप्रैल को 4443 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग और 677 का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। ऊँचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए मेडिकल टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं, ताकि हर श्रद्धालु को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। यात्रा मार्गों पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए तथा यात्रा के सुगम और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा वर्तमान में सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुँच रहे हैं। व्यवस्थाओं को देखते हुए यात्री अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सुरक्षित पार्क कर जानकीचट्टी से पैदल मार्ग द्वारा श्रद्धापूर्वक यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। वहीं गंगोत्री धाम में भी यात्री सुलभता के साथ गंगा मैया के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
