नई टिहरी। जनपद को प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण की दृष्टि से स्वच्छ बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान का असर अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिले कड़े निर्देशों का अनुपालन करते हुए मंगलवार को नगर पंचायत घनसाली ने एक सकारात्मक पहल की शुरुआत की है। नगर पंचायत प्रशासन ने क्षेत्र में कपड़े के थैलों (इको बैग) का वितरण शुरू कर दिया है, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित किया जा सके और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत ने क्षेत्र के होटल व्यवसायियों और पर्यटन हितधारकों को भी अपने साथ जोड़ा है। वितरण कार्यक्रम के दौरान होटल स्वामियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां आने वाले पर्यटकों को प्लास्टिक की थैलियों के बजाय अधिक से अधिक कपड़े के बैगों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। होटल संचालकों से चर्चा करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पर्यटकों के बीच यह संदेश स्पष्ट रूप से जाए कि देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए प्लास्टिक का त्याग अत्यंत आवश्यक है।
