चारधाम यात्रा तैयारियों पर सख्ती, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दिए कड़े निर्देश

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला सभागार में प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से धामों में मांस, शराब और नशे की सामग्री पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शरद चौहान ने यमुनोत्री धाम के मुख्य द्वार राना चट्टी में संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग उठाई, जिस पर मंत्री ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

वहीं पूर्व विधायक केदार सिंह रावत ने वर्ष 2021 में यमुनोत्री धाम में आपदा कार्यों के लिए स्वीकृत 34.80 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने जांच कराने की बात कही।

समीक्षा बैठक में सुलभ शौचालयों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने दो दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कर्मचारियों की तैनाती का पूरा विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर सुधार न होने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

गंगोत्री नेशनल हाईवे की समीक्षा के दौरान स्थानीय लोगों ने चढ़ेथी, लिमच्यागाड़ और गंगनानी क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र ठीक करने और मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने बीआरओ को यात्रा शुरू होने से पहले सड़क सुधार कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

होटल एसोसिएशन द्वारा यात्रियों की संख्या पर लगी सीमा हटाने की मांग पर मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा डामटा और कटोपत्थर पुलिस बैरियर हटाने की मांग पर मंत्री ने डामटा बैरियर हटाने के निर्देश दिए और अन्य पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया। होटल एसोसिएशन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *