खटीमा। उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज में बुधवार को सुबह सिडकुल मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी। जोरदार टक्कर में दोनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को 108 की मदद से सितारगंज अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अशोक राणा के चाचा पूरन सिंह राणा ने बताया रोज की तरह अशोक आज भी अपने घर से सिडकुल में पल्लेदारी का काम करने जा रहा था। अचानक रास्ते में उसकी बाइक का तेल खत्म हो गया। वह पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था तभी सामने से आ रही एक बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं, सितारगंज सरकारी अस्पताल की डॉक्टर अभिलाषा पांडे ने बताया कि घायलों को हॉस्पिटल लाया गया था। जिसमें अशोक सिंह राणा के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं हैं। जिसका सीएससी सितारगंज में उपचार किया गया। हालत गंभीर होते देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त हुआ खिर्सू से श्रीनगर आ रहा वाहन, 3 लोग घायल
श्रीनगर। बरसात के मौसम में एक के बाद एक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। आज खिर्सू से श्रीनगर की ओर आ रही एक कार सैंट्रो जिंग(यूके 12 6088) कोठगी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के वक्त कार में 3 लोग सवार थे, जो इस घटना में घायल हो गये। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे गिर गई। जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेस की मदद से घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर भिजवाया।