देहरादून। राजधानी देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के नए कैंपस की स्थापना की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून में आईआईएम काशीपुर कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मैनेजमेंट शिक्षा के लिए बढ़ेंगे अवसर:- मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस शुरू होने से उत्तराखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने, बेहतर शिक्षा हासिल करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
शैक्षणिक संस्थानों के विस्तार से युवाओं को लाभ
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान का कैंपस स्थापित होना प्रदेश की शैक्षणिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा के साथ अपने कौशल और व्यावसायिक क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।
