चमोली :
श्री बद्री-केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष स्व.मोहन प्रसाद थपलियाल की द्वितीय पुण्यतिथि पर स्व. मोहन प्रसाद थपलियाल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तपोवन ढाक में श्रद्धांजलि सभा हुई इसमें बड़ी संख्या में पैनखंडा जोशीमठ व जनपद चमोली के नागरिकों ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
तपोवन ग्रामसभा के ग्राम प्रधान से सामाजिक जीवन की शुरुआत करने वाले स्व. थपलियाल जिला पंचायत सदस्य,जिला पंचायत मे निर्माण समिति के अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष से लेकर श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति जैसी प्रतिष्ठित संस्था के अध्यक्ष रहे।
इस श्रद्धांजलि सभा मे भारतीय जनता पार्टी चमोली के जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट व श्री बद्री केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, डीसीबी अध्यक्ष गजेंद्र रावत, विनोद कनवासी सहित पैनखंडा जोशीमठ व जनपद चमोली के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने स्व. मोहन प्रसाद थपलियाल की सांगठनिक क्षमता और सदव्यवहार की चर्चा करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलकर निःस्वार्थ रूप से क्षेत्र व समाज के विकास का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा से पूर्व शांति पाठ किया गया।
स्व. मोहन प्रसाद थपलियाल के छोटे भाई श्रीधर प्रसाद थपलियाल, कृष्णमणि थपलियाल व पुत्र ओम प्रकाश थपलियाल ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
