चमोली में नशा मुक्ति सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ

 

चमोली। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित नशा मुक्ति सप्ताह के तहत शनिवार को पीएम श्री राजकीय केंद्रीय विद्यालय, गोपेश्वर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने किया।

 

पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं और आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता में अपर्णा ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय और साक्षी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में मानसी तोपाल प्रथम, अन्वीक्षा जोशी द्वितीय तथा आराध्या तृतीय रहीं। विजेताओं को मोमेंटो और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को टी-शर्ट वितरित की गई।

 

इंस्पेक्टर सत्येंद्र बुटोला ने कहा कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है तथा इसका व्यक्ति, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

 

बाल संरक्षण अधिकारी रजनी पंवार ने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल, योग, व्यायाम और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से युवाओं को जोड़कर नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं संचार प्रबंधक उदय सिंह रावत ने बताया कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *