विश्व पर्यावरण दिवस पर बादशाहीथौल परिसर में प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता

नई टिहरी। हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर, बादशाहीथौल में पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2025 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “वैश्विक प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और समाज को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभाग ने प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियान चलाया, जिसमें छात्रों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर उसके निस्तारण की पहल की। साथ ही, छात्रों और शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर और चार्ट के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। सभी ने एकजुट होकर शपथ ली कि वे अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के प्रयोग को कम करेंगे और पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की आदतों को अपनाएंगे। कार्यक्रम में बताया गया कि प्लास्टिक न केवल भूमि और जल स्रोतों को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि यह खाद्य श्रृंखला के माध्यम से मानव स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर रहा है।
पर्यावरण विज्ञान विभाग ने इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि आज हमने प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए, तो भविष्य की पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा। विभाग का यह प्रयास न केवल विश्वविद्यालय स्तर पर, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी पर्यावरणीय चेतना जगाने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *