विरासत महोत्सव-2026 में लोकप्रिय गायक राहुल देशपांडे व वीणा वादक रमन्ना ने विरासत को किया सुगन्धित

देहरादून। विरासत महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में बुधवार को लोक संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और युवा प्रतिभाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। राजस्थानी लोक नृत्य कालबेलिया की मनमोहक प्रस्तुति से लेकर वीणा वादन और प्रख्यात शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे की गायकी तक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत राजस्थानी लोक नृत्य कालबेलिया की शानदार प्रस्तुति से हुई। कलाकार गीता, मनीषा और निशा ने पारंपरिक नृत्य के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और कलात्मक परंपरा को जीवंत किया। जोशीले लोकगीतों और पारंपरिक संगीत ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रस्तुति में जाकिर खान ने हारमोनियम, दूड़े खान ने सारंगी, शौकत खान ने ढोलक, इरफान हुसैन ने खड़ताल, रामनाथ ने डफली और सागर ने मंजीरा पर संगत की। वहीं सलीम खान, फारूक, सोनू खान और जाकिर ने गायन से प्रस्तुति को खास बनाया।

दून इंटरनेशनल स्कूल के फ्यूजन बैंड ने बिखेरे संगीत के रंग

कार्यक्रम में दून इंटरनेशनल स्कूल के फ्यूजन बैंड ने भी शानदार प्रस्तुति दी। स्कूली विद्यार्थियों ने शास्त्रीय और अर्धशास्त्रीय संगीत का सुंदर संगम प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना हासिल की। प्रणव मंझखोला ने कीबोर्ड, श्लोक रौथान और ओजस्वी पैन्यूली ने गायन, कार्तिकेय ने ड्रम्स, पनव जौहरी ने इलेक्ट्रिक गिटार, नंदिनी ने बास गिटार और मनवीर सिंह ने तबले पर संगत की। युवा कलाकारों की प्रस्तुति ने विरासत के मंच पर नई पीढ़ी की संगीत प्रतिभा को प्रदर्शित किया।

रामन्ना बालाचंद्रन की वीणा के सुरों ने मोहा मन

सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध कर्नाटक शास्त्रीय वीणा वादक रामन्ना बालाचंद्रन की प्रस्तुति रही। उन्होंने राग वागधीश्वरी से वीणा वादन की शुरुआत की। उनके सुरों ने श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की गहराई और मधुरता का अनुभव कराया। उनके साथ मृदंगम पर पटरी सतीश कुमार ने संगत की। दोनों कलाकारों के बीच सुर और ताल का शानदार सामंजस्य देखने को मिला।

रामन्ना बालाचंद्रन को कम उम्र से ही संगीत की विलक्षण प्रतिभा के लिए पहचान मिली। उन्होंने वीणा के साथ गायन और मृदंगम की भी शिक्षा प्राप्त की है। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों के जरिए उन्होंने कर्नाटक संगीत परंपरा को नई पहचान दिलाई है।

राहुल देशपांडे की गायकी ने बांधा समां

कार्यक्रम की एक और खास प्रस्तुति प्रख्यात शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे की रही। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और शास्त्रीय संगीत की गहराई से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गायन में शास्त्रीय रागों के साथ ख्याल, ठुमरी, दादरा और अन्य संगीत विधाओं की झलक देखने को मिली।

राहुल देशपांडे प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक स्वर्गीय पंडित वसंतराव देशपांडे के पोते हैं। उन्होंने अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन में संगीत की शिक्षा प्राप्त की और भारतीय शास्त्रीय संगीत में अपनी अलग पहचान बनाई। मराठी संगीत नाटकों और फिल्म ‘कट्यार कलजात घुसली’ में उनके योगदान को भी व्यापक सराहना मिली है। फिल्म ‘मी वसंतराव’ में उन्होंने अभिनय के साथ संगीत की जिम्मेदारी भी निभाई।

उनकी प्रस्तुति में तबले पर शुभ महाराज, हारमोनियम पर पंडित धर्मनाथ मिश्रा तथा तानपुरे पर परीक्षित सिंह राठौड़ और सृष्टि कला ने संगत की।

लोकनृत्य, युवा कलाकारों के फ्यूजन संगीत और दिग्गज शास्त्रीय संगीतकारों की प्रस्तुतियों से सजी विरासत की यह सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए यादगार रही। कार्यक्रम ने भारतीय लोक एवं शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा के साथ नई पीढ़ी की प्रतिभा को भी एक मंच पर प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *