उत्तरकाशी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में कार्यरत एएनएम पूजा परमार राणा को राष्ट्रपति द्वारा प्रतिष्ठित “फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवॉर्ड” से सम्मानित किए जाने पर मंगलवार को सीएचसी नौगांव में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, एएनएम और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान ब्लॉक की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों से पहुंची एएनएम ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर पूजा परमार राणा का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने समर्पण, मेहनत और सेवा भावना से पूरे स्वास्थ्य विभाग का गौरव बढ़ाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, लेकिन पूजा परमार राणा ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया।
सीएचसी नौगांव के अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान पूरे नौगांव क्षेत्र और उत्तरकाशी जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पूजा परमार राणा की उपलब्धि अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन और सेवा भावना से कार्य करने वालों को एक न एक दिन सम्मान अवश्य मिलता है।
अपने सम्मान समारोह में पूजा परमार राणा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवता से जुड़ा कार्य है, इसलिए प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना चाहिए।
