Your Website Description

अमित शाह बोले- 2047 तक विकसित भारत की यात्रा का पहला पड़ाव बनेगा उत्तराखंड

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 1475 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान, लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ करते हुए अमित शाह ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड चारधाम, हेमकुंड साहिब और हरिद्वार जैसी पवित्र धार्मिक स्थलों की भूमि है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण कर आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य को संवारने का कार्य कर रहे हैं।

शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्योत्सव को गौरव, सिद्धि और संकल्प का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी से वीरांगना तीलू रौतेली, माधो सिंह भंडारी, दरबान सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी, चंद्र सिंह गढ़वाली और जनरल बिपिन रावत के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

जीएसडीपी में 50 प्रतिशत वृद्धि का किया उल्लेख

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखंड की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है।

यूसीसी और नकल विरोधी कानून की सराहना

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है। उन्होंने दावा किया कि अब 15 अन्य राज्य भी इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लागू होने के बाद प्रदेश में 35 हजार युवाओं को बिना सिफारिश सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून को भी राज्य का महत्वपूर्ण कदम बताया।

विकास परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर

शाह ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन, केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे तथा सौंग, जमरानी और किसाऊ बांध जैसी परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *