सेम मुखेम नागराजा धाम को चारधाम यात्रा सर्किट से जोड़ने की पैरवी, खराब सड़कों के सुधारीकरण के लिए सरकार से की अपील

नई टिहरी।  विधानसभा प्रतापनगर के समग्र विकास और जनभावनाओं को सर्वाेच्च सम्मान देने के उद्देश्य से शुरू की गई पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला की “जन आशीर्वाद यात्रा” अब एक व्यापक जनसंपर्क अभियान का रूप ले चुकी है। बुधवार को सेम मुखेम से आरंभ हुई यह यात्रा शनिवार को घंडियालगांव और दीनगांव होते हुए हेरवालगांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रदीप रमोला ने घर-घर जाकर लोगों से व्यक्तिगत संपर्क साधा और उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ सेम मुखेम नागराजा मंदिर के छायाचित्र से सुसज्जित कैलेंडर भेंट किए। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी की स्थिति पर गंभीर चर्चा की।

 

जनसंवाद के दौरान पहाड़ के गांवों से निरंतर हो रहे पलायन का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। प्रदीप रमोला ने कहा कि ग्रामीणों के साथ हुई चर्चा में यह बात स्पष्ट रूप से उभरकर आई है कि पहाड़ का खाली होना आज सबसे बड़ी चिंता का विषय है। गांव के नौजवान रोजगार के अभाव में शहरों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे गांव के गांव वीरान हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पहाड़ की जवानी और पानी को यहीं रोकने के लिए एक विशेष और ठोस नीति बनाई जाए। साथ ही, ग्राम स्तर पर रोजगारपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि युवाओं को अपने घर-गांव में ही सम्मानजनक रोजगार मिल सके और पलायन पर प्रभावी अंकुश लग सके।

 

यात्रा के दौरान धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। पूर्व प्रमुख ने कहा कि सेम नागराजा धाम न केवल प्रतापनगर बल्कि पूरे देश और प्रदेश की आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए, इस धाम को पर्यटन विकास की दृष्टि से चारधाम यात्रा मार्ग से जोड़ा जाना नितांत आवश्यक है। इसके अलावा, उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सुगम आवागमन के लिए सेम मुखेम नागराजा धाम को जोड़ने वाले सेरा मोहल्या, खंबाखाल और कौडार-दीनगांव-मुखेम मोटर मार्गों को डेढ़ लेन (चौड़ा) बनाने की पुरजोर मांग उठाई। उन्होंने स्थानीय संस्कृति, मेलों और रीति-रिवाजों को संजोये रखने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *