नई टिहरी। जनसामान्य को मिल रही सुविधाओं की गुणवत्ता परखने और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी टिहरी संदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ नगर पालिका परिषद नई टिहरी क्षेत्र के अंतर्गत बौराड़ी स्थित यातायात फिलिंग स्टेशन और विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन की इस अचानक हुई छापेमारी से संबंधित संचालकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही मात्रा और गुणवत्ता में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दे रहे केंद्रों पर हो रही मनमानी पर अंकुश लगाना था।
सबसे पहले प्रशासनिक टीम ने बौराड़ी स्थित यातायात फिलिंग स्टेशन पर छापा मारा। यहां एसडीएम ने स्वयं अपनी देखरेख में पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता, डेंसिटी तथा नोजल से वितरित की जा रही ईंधन की मात्रा की बारीकी से जांच करवाई। राहत की बात यह रही कि तकनीकी जांच में ईंधन की गुणवत्ता और माप मानकों के अनुरूप सही पाई गई। हालांकि, सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान पेट्रोल पंप प्रबंधन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण में पाया गया कि पंप पर मौजूद अग्निशमन (फायर) से संबंधित उपकरण अद्यतन (अपडेटेड) स्थिति में नहीं थे, जो किसी भी आपात स्थिति में बड़े खतरे का कारण बन सकते थे। इस पर एसडीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधितों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात प्रशासन का रुख कॉमन सर्विस सेंटरों की ओर हुआ। निरीक्षण के दौरान पोस्ट ऑफिस परिसर में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। छापेमारी के दौरान वहां से भारी संख्या में आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र बरामद किए गए, जो संदिग्ध स्थिति को दर्शाते हैं। इसके अतिरिक्त, केंद्र पर सेवाओं की निर्धारित दरों की सूची (रेट लिस्ट) भी चस्पा नहीं की गई थी, जिससे आम जनता से अधिक वसूली की आशंका बनी रहती है। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही अमल में लाई, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न दोहराई जाए।
