देहरादून में एलपीजी गैस वितरण पर प्रशासन सख्त, 72 गैस एजेंसियां प्रशासन की निगरानी में


जिलाधिकारी सविन बसंल ने आयल कंपनियों और एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर दिए निर्देश, घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने और अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई के आदेश

देहरादून:
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी सविन बसंल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयल कंपनियों के अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू और व्यवसायिक गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार गैस वितरण में पहली प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी को ओटीपी आधारित प्रणाली से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि एक बार गैस बुकिंग होने के बाद अगली बुकिंग 25 दिन के बाद ही की जा सकेगी। इस संबंध में उपभोक्ताओं को बल्क एसएमएस और एजेंसियों पर जागरूकता फ्लैक्सी के माध्यम से जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

गैस से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के त्वरित समाधान के लिए आपदा कंट्रोल रूम में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक गैस से जुड़ी समस्या के लिए 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सभी 72 गैस एजेंसियां प्रशासन की निगरानी में हैं। उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ गैस एजेंसियों के स्टॉक, वितरण और बैकलॉग की रेंडम जांच करेंगे। गैस वितरण में अनियमितता, अवैध भंडारण या अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को सील करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग को रोकने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में कुल 72 गैस एजेंसियों के माध्यम से लगभग 7.81 लाख घरेलू उपभोक्ताओं और 19,624 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है। जनपद में गैस की आपूर्ति Hindustan Petroleum Corporation Limited को भगवानपुर, Bharat Petroleum Corporation Limited को लंढौरा तथा Indian Oil Corporation को बादराबाद और लोनी गाजियाबाद से की जाती है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *