रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल कार्तिक स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा और संचार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखण्ड ने शुक्रवार को कार्तिक स्वामी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
समुद्र तल से लगभग 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मंदिर भगवान शिव के ज्येष्ठ पुत्र भगवान कार्तिकेय को समर्पित है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यात्रा सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कनकचौरी से मंदिर तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे ट्रैकिंग मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित पुलिस दूरसंचार विभाग के वायरलेस रिपीटर केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विषम परिस्थितियों में भी संचार व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहनी चाहिए। उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से रिपीटर केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और केदारनाथ सहित अन्य जिलों के संचार केंद्रों के साथ समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर एवं पुलिस दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
मंदिर पहुंचने पर कार्तिक स्वामी मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने एडीजी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और मंदिर समिति से बातचीत कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, क्षेत्रीय चुनौतियों और व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किया।
एडीजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल हैं तथा भविष्य में व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
