उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, जल्द शूटिंग की संभावना जताई

देहरादून।  बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को रिंग रोड, लाडपुर स्थित उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर राज्य की फिल्म नीति और फिल्म निर्माण से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर के.एस. चौहान ने उन्हें जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुलाकात के दौरान अमन वर्मा ने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्मांकन के लिए बेहद आकर्षक और विविध लोकेशन उपलब्ध हैं। उन्होंने संकेत दिया कि वह जल्द ही उत्तराखंड में किसी फिल्म की शूटिंग करने पर विचार करेंगे।

अभिनेता अमन वर्मा 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में अपने नाटक “किस्मत पैलेस” का मंचन भी करेंगे।

नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को व्यापक सुविधाएं और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। उत्तराखंड में फिल्माई गई हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके अलावा वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी सब्सिडी के दायरे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में फिल्म शूटिंग की अनुमति अब ऑनलाइन सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से दी जा रही है, जिसके तहत सात दिनों के भीतर अनुमति जारी की जाती है। प्रदेश में शूटिंग शुल्क पूरी तरह माफ किया गया है। साथ ही शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने और जीएमवीएन व केएमवीएन के गेस्ट हाउसों में विशेष रियायतें भी दी जा रही हैं।

के.एस. चौहान के अनुसार, उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियलों की शूटिंग होती है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण उत्तराखंड फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श राज्य है। राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद और एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *