रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं। सुमेरपुर से मरौड़ा तक सुरंग की खुदाई पूरी होने के साथ ही उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुरंग के दोनों छोर जुड़ने के साथ ही 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग आर-पार हो गई। इसमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर और मरौड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर खुदाई की गई। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के पैकेज-08 के तहत मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने इस सुरंग का निर्माण कार्य पूरा किया।

भुरभुरी मिट्टी और भूजल रिसाव बनी बड़ी चुनौती
सुरंग निर्माण के दौरान इंजीनियरों और श्रमिकों को कई जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। रिहायशी इलाकों के नीचे भुरभुरी मिट्टी, चट्टानों की कम मोटाई, कम ओवरबर्डन और भूजल रिसाव जैसी चुनौतियों ने निर्माण कार्य को बेहद कठिन बना दिया था।
इन परिस्थितियों में सुरंग की खुदाई को सुरक्षित रखते हुए निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करना बड़ी चुनौती थी। इससे निपटने के लिए इंजीनियरिंग टीम ने न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) और नियंत्रित ब्लास्टिंग तकनीक का इस्तेमाल किया।
बेहतर तकनीकी प्रबंधन, लगातार निगरानी और इंजीनियरों एवं श्रमिकों के सामूहिक प्रयासों के चलते आखिरकार सुरंग के दोनों छोर जोड़ने में सफलता मिली।
RVNL के अधिकारियों ने टीम को दी बधाई
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर RVNL के उप महाप्रबंधक ओपी मालगुड़ी ने मेघा इंजीनियरिंग के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय का परिणाम है।

पहाड़ों में रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसके पूरा होने के बाद ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रुद्रप्रयाग में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग का आर-पार होना इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना की दिशा में एक और बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि है।
