Your Website Description

मेघालय के PES मॉडल से उत्तराखंड में संवरेगी धारा-नौलों की तस्वीर, वन संरक्षण करने वाली समितियों को मिलेगा आर्थिक प्रोत्साहन

चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय दल शिलांग के अध्ययन भ्रमण पर, वन संरक्षण के बदले हर साल ₹10 हजार प्रति हेक्टेयर देने की व्यवस्था का किया अध्ययन

देहरादून/चम्पावत। उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के संरक्षण और सामुदायिक वन प्रबंधन को नई दिशा देने के लिए राज्य की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय संयुक्त दल मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय भ्रमण का उद्देश्य मेघालय में अपनाए जा रहे सामुदायिक वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के सफल मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लागू करने की संभावनाएं तलाशना है।

भ्रमण दल में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वन विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। इस दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने दल को राज्य में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से वित्तपोषित MEGALIFE और जर्मन विकास बैंक (KfW) से वित्तपोषित MEGARISE परियोजनाएं प्रमुख हैं।

वन संरक्षण करने वाली समितियों को हर साल ₹10 हजार प्रति हेक्टेयर

अध्ययन भ्रमण के दौरान दल ने MEGALIFE परियोजना के तहत संचालित पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत प्राकृतिक वनों का संरक्षण करने वाली स्थानीय समितियों को प्रतिवर्ष प्रति हेक्टेयर ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

इस व्यवस्था में स्थानीय समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है। शिलांग के एक गांव की समिति ने इस मॉडल के माध्यम से लगभग 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। इसके परिणामस्वरूप समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए करीब ₹15 लाख की राशि जमा हो चुकी है। इस मॉडल को देखने के बाद उत्तराखंड के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से वन संरक्षण और ग्रामीणों की आर्थिक मजबूती की संभावनाओं को समझा।

बायोचार उत्पादन और कार्बन क्रेडिट से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय

भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA), फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के आधार पर इस पायलट परियोजना की शुरुआत की गई है।

इस परियोजना का उद्देश्य बायोचार उत्पादन के साथ उससे प्राप्त होने वाले कार्बन क्रेडिट का लाभ सीधे स्थानीय समुदायों तक पहुंचाना है। इस दौरान कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने भी परियोजना से संबंधित तकनीकी जानकारी और सहयोग प्रदान किया।

कृषि वानिकी तकनीकों का भी किया अध्ययन

अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी तकनीकों की भी जानकारी ली। इन तकनीकों के माध्यम से कृषि गतिविधियों के साथ पेड़ों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चम्पावत की धारा-नौला समितियों को मिलेगा लाभ

अधिकारियों के अनुसार मेघालय में लागू PES मॉडल, सामुदायिक वन संरक्षण और कार्बन क्रेडिट आधारित आजीविका के अनुभव उत्तराखंड के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। विशेष रूप से चम्पावत जिले की धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ पारंपरिक जल स्रोतों और उनके जलग्रहण क्षेत्रों के संरक्षण में इन मॉडलों को अपनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

इस अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर उत्तराखंड में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने, प्राकृतिक वन संपदा के संरक्षण और ग्रामीणों को संरक्षण कार्यों से आर्थिक रूप से जोड़ने की दिशा में नई पहल की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *