Your Website Description

जनगणना 2027: दून विश्वविद्यालय में स्व-जनगणना का प्रशिक्षण, मोबाइल से छात्रों और शिक्षकों ने जनरेट की आईडी

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने किया जागरूक, कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की

देहरादून। भारत की जनगणना 2027 को लेकर दून विश्वविद्यालय में स्व-जनगणना जागरूकता अभियान चलाया गया। गुरुवार को आयोजित जागरूकता एवं हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-जनगणना पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने और अपनी स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनगणना विभाग, उत्तराखंड की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सुरेखा ध्यानी डंगवाल, कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, डीन डॉ. एचसी पुरोहित, जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा जनगणना विभाग के उपनिदेशक राजू बनवारी एवं प्रदीप यादव मौजूद रहे।

मोबाइल से सीखी स्व-जनगणना की प्रक्रिया

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ, स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों और छात्र-छात्राओं को स्व-जनगणना की प्रक्रिया समझाई गई। इसके बाद प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लोकेशन प्राप्त कर स्व-जनगणना पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां कीं और अपनी स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने की प्रक्रिया पूरी की।

कार्यक्रम को प्रोत्साहनपूर्ण बनाने के लिए सबसे पहले स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने वाले प्रतिभागियों के प्रत्येक दस सदस्यीय समूह में लॉटरी के माध्यम से एक विजेता चुना गया। जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव की ओर से कुलपति प्रो. सुरेखा ध्यानी डंगवाल ने चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।

विकास योजनाओं और नीतियों का आधार है जनगणना: निदेशक

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास प्रक्रिया और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं स्व-जनगणना करने के साथ अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता से इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

विश्वविद्यालय परिसर से बाहर भी फैलाएं जागरूकता: कुलपति

कुलपति प्रो. (डॉ.) सुरेखा ध्यानी डंगवाल ने विश्वविद्यालय परिवार से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी विश्वविद्यालय परिसर के बाहर भी लोगों को स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अभियान की पहुंच अधिक से अधिक नागरिकों तक हो सके।

कार्यक्रम में जनगणना विभाग के अधिकारियों और जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल ने प्रतिभागियों को स्व-जनगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन प्रविष्टियां करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही नागरिकों को निर्धारित अवधि में स्व-जनगणना पूरी करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से दून विश्वविद्यालय ने जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *