Your Website Description

धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, बोले- 2027 में लगातार तीसरी बार बनाएंगे सरकार

भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले दिखाई पांच साल की उपलब्धियां, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन को बताया विकास का आधार

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपनी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जनता से किए गए संकल्पों को पूरा करने की दिशा में सरकार ने लगातार काम किया है और अब प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

देहरादून के हरिद्वार बाईपास स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में भी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उस समय जनता से किए गए वादों और संकल्पों को पूरा करते हुए सरकार आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड की जनता ने वर्ष 2022 में मिथक तोड़कर भाजपा पर लगातार विश्वास जताया और अब पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले पांच वर्षों में सरकार ने केवल योजनाएं बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना सरकार का लक्ष्य है।

रोजगार से लेकर स्वास्थ्य तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार के कार्यों का विवरण दिया।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और भू-कानून को लेकर किए गए निर्णयों को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन सहित कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने किया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल करेगी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *