Your Website Description

बैकुंठ चतुर्दशी: कमलेश्वर महादेव मंदिर में 145 दंपतियों ने किया खड़ा दीया अनुष्ठान, संतान प्राप्ति की कामना लेकर पहुंचे श्रद्धालु

श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना को लेकर आयोजित खड़ा दीया अनुष्ठान में 145 दंपती शामिल हुए। सोमवार को गोधूलि बेला में मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर अनुष्ठान का शुभारंभ किया। इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए 208 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण कराया था। पिछले वर्ष 190 से अधिक दंपती इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए थे।

अनुष्ठान के दौरान महिलाओं की कमर पर कपड़े में जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा और चावल की पोटली बांधी गई। इसके बाद महंत आशुतोष पुरी ने सभी दंपतियों के हाथों में जलता हुआ दीपक देकर पूजा-अर्चना कराई। मान्यता के अनुसार दंपती पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर भगवान शिव की आराधना करते हैं। मंगलवार सुबह स्नान के बाद महंत दंपतियों को आशीर्वाद देकर अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।

 

खड़ा दीया अनुष्ठान में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पुणे, आंध्र प्रदेश सहित विदेशों से भी दंपती श्रीनगर पहुंचे हैं। वहीं, देर शाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। कमलेश्वर महादेव के दर्शन और रुई की बाती चढ़ाने के लिए मंदिर परिसर में करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी कतार लगी रही।

365 रुई की बाती चढ़ाने का मेला शुरू

बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर कमलेश्वर महादेव मंदिर में रुई की 365 बाती चढ़ाने का मेला भी शुरू हो गया है। प्रतिवर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को श्रद्धालु भगवान शिव को 365 रुई की बातियां अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार यह परंपरा वर्ष के 365 दिनों के प्रतीक के रूप में निभाई जाती है।

भगवान विष्णु की तपस्या से जुड़ी है कमलेश्वर मंदिर की मान्यता

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, एक समय देवता दानवों से पराजित होकर भगवान विष्णु की शरण में पहुंचे थे। दानवों पर विजय प्राप्त करने के लिए भगवान विष्णु भगवान शिव की तपस्या करने कमलेश्वर क्षेत्र आए। उन्होंने शिव सहस्रनाम का उच्चारण करते हुए एक हजार कमल पुष्प शिवलिंग पर अर्पित करने का संकल्प लिया।

भगवान विष्णु की परीक्षा लेने के लिए भगवान शिव ने एक कमल पुष्प छिपा दिया। एक कमल कम होने पर भगवान विष्णु ने अपना एक नेत्र भगवान शिव को अर्पित करने का संकल्प लिया। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अमोघ सुदर्शन चक्र प्रदान किया, जिससे भगवान विष्णु ने दानवों का संहार किया। एक हजार कमल अर्पित किए जाने के कारण इस मंदिर का नाम कमलेश्वर महादेव पड़ा।

मान्यता है कि उस समय एक निसंतान ऋषि दंपती भी भगवान विष्णु की पूजा देख रहे थे। माता पार्वती के अनुरोध पर भगवान शिव ने उन्हें संतान प्राप्ति का वरदान दिया। तभी से बैकुंठ चतुर्दशी की रात संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर निसंतान दंपती कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर खड़ा दीया अनुष्ठान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *