गोपेश्वर में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्त हुए मुख्य विकास अधिकारी
गोपेश्वर। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, वन और अवैध खनन से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में ग्राम प्रधान सरतोली महेन्द्र सिंह बिष्ट ने बिना पूर्व सूचना के ग्रामसभा में वन सरपंच के चुनाव कराए जाने की शिकायत उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने उपजिलाधिकारी चमोली को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम प्रधान ईराणी दीपा देवी ने निजमुला-पाणा-ईराणी मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सुधारीकरण की मांग की। देव सिंह नेगी ने घाट-भेंटी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क सुधारने की मांग रखी। इसके अलावा बृजमोहन सजवाण ने लाता गांव के समीप धौलीगंगा नदी में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जनता दरबार में शंकर रावत, लछम सिंह और अनिल रावत सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने जिला पूर्ति, लोक निर्माण, समाज कल्याण, वन, शिक्षा, विद्युत और ग्रामीण निर्माण विभाग से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। सीडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जनता दरबार के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल (1905) पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करे। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का निरीक्षण करें और उसका समाधान करें। केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निस्तारण किया जाना चाहिए।
विकास कार्य समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश
इस दौरान जिला योजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने कार्यदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
