Your Website Description

ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुए द्वितीय केदार मदमहेश्वर, शुक्रवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा

रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। उत्सव डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए पहुंचने पर गिरिया गांव से लेकर ऊखीमठ तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा की डोली का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान मदमहेश्वर के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

इससे पूर्व गुरुवार सुबह भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने गिरिया गांव से ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। विभिन्न पड़ावों से होते हुए जब डोली मंगोलचारी पहुंची तो रावल भीमाशंकर लिंग ने भगवान मदमहेश्वर को स्वर्ण छत्र अर्पित किया। इस दौरान विधिवत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा का स्वागत किया।

इसके बाद ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया गया। इस अवसर पर मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग के छह माह तक धाम में प्रवास करने के संकल्प का भी रावल भीमाशंकर लिंग ने विधिवत समापन कराया।

उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में शीतकालीन धार्मिक यात्रा का भी आगाज हो जाएगा।

ग्रीष्मकाल में 74 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में कुल 74,092 तीर्थयात्रियों ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीतकालीन प्रवास के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा मदमहेश्वर के दर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान होने के बाद अब मदमहेश्वर घाटी की धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र ओंकारेश्वर मंदिर रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *