देहरादून/अमृतसर। उत्तराखंड के समाजसेवी एवं आदिमंतर रूरल एंड ट्राइबल डेवलपमेंट फाउंडेशन के संस्थापक तरुण पंत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित The Forbes India – We Serve India Awards (Season 3) से सम्मानित किया गया है। 17 नवंबर 2026 को अमृतसर स्थित हयात रीजेंसी में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में उन्हें Community Resilience & Disaster Relief श्रेणी के अंतर्गत उत्तर भारत का क्षेत्रीय विजेता घोषित किया गया।
लायंस क्लब्स इंटरनेशनल द्वारा प्रस्तुत इस प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया में विशेषज्ञ निर्णायक मंडल तथा प्रोसेस पार्टनर Ernst & Young LLP की भूमिका रही। चयन के दौरान विभिन्न मानकों के आधार पर प्रतिभागियों के सामाजिक योगदान और उनके कार्यों के प्रभाव का मूल्यांकन किया गया।

दस वर्षों की समाज सेवा को मिली राष्ट्रीय पहचान
तरुण पंत को यह सम्मान पिछले एक दशक से समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। विशेष रूप से लुप्त होती पारंपरिक कला एवं शिल्प विधाओं के संरक्षण, पुनर्जीवन और स्थानीय कारीगरों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
आदिमंतर रूरल एंड ट्राइबल डेवलपमेंट फाउंडेशन ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के साथ मिलकर पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने और कारीगरों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में कार्यरत है।
टीम के सामूहिक प्रयासों को समर्पित किया सम्मान
पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फाउंडेशन के संस्थापक तरुण पंत ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने Forbes International, Lions Club और TV18 के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी सह-संस्थापक डॉ. अदिति पंत के समर्पित योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व की विशेष रूप से सराहना की।
उन्होंने स्वयंसेवी समन्वयकों पल पार्थ मेहरा, राशि दुबे, दीपाली पालीवाल, विक्रम बुंदेला, प्रशांत, बृजेंद्र खरेया और कात्यायनी पंत के अथक प्रयासों के लिए भी धन्यवाद दिया।
तरुण पंत ने उन सभी CSR दानदाताओं के प्रति भी आभार जताया, जिन्होंने देश की विलुप्त होती पारंपरिक कला एवं शिल्प विधाओं को पुनर्जीवित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी अवसर सृजित करने के फाउंडेशन के विजन पर विश्वास जताया।

कारीगर समुदाय के लिए भी गौरव का क्षण
अमृतसर में आयोजित इस समारोह में मिला यह सम्मान तरुण पंत और उनकी पूरी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही यह उन ग्रामीण एवं पारंपरिक कारीगर समुदायों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर भी है, जो पीढ़ियों से देश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्प परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं।
यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि समर्पित सामाजिक प्रयासों, सामूहिक नेतृत्व और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से ग्रामीण भारत में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
