देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखण्ड विकास प्रदर्शनी) में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक वस्तुओं की सराहना की।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वदेशी महोत्सव महज एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की आत्मा, संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का जीवंत दर्शन है। स्वदेशी का अर्थ केवल स्थानीय उत्पादों की खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने गांव, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करना भी है। उन्होंने कहा कि अपने हाथों से बने उत्पादों का सम्मान करना और किसानों, कारीगरों तथा मातृशक्ति के परिश्रम को पहचान देना ही स्वदेशी की वास्तविक भावना है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ का मंडुवा, झंगोरा, गहत, पारंपरिक टोपी, शॉल, ऐपण कला, बांस से बने उत्पाद, जैविक शहद और जड़ी-बूटियां उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान हैं। इन उत्पादों में प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत समाहित है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान ने स्वदेशी उत्पादों को नई पहचान और प्रोत्साहन दिया है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की।
