श्रीनगर। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों, विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों से रूबरू कराने के साथ उन्हें प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के जरिए स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ किसान उद्यमी एवं मशरूम उत्पादक शामिल हुए हैं। कुल 35 प्रतिभागी इस प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मशरूम की खेती पर्वतीय क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा करने की अपार संभावनाएं रखती है। ग्रामीण युवा वैज्ञानिक तकनीकों और स्थानीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर कम भूमि में भी स्वरोजगार के नए रास्ते तलाश सकते हैं। इससे न केवल युवाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने उत्तराखंड की जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप गुच्छी (मोरेल) मशरूम की खेती की संभावनाओं पर भी विशेष प्रकाश डाला।
रुड़की से शुरू हुआ सफर, चार एकड़ तक पहुंचा कारोबार
मुख्य अतिथि नवीन पटवाल ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी मशरूम उत्पादन की यात्रा वर्ष 2007 में रुड़की से शुरू हुई थी। वर्ष 2012 में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 तक अपने कारोबार का विस्तार लगभग चार एकड़ भूमि में कर लिया। उन्होंने कहा कि मशरूम व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण स्पॉन, वैज्ञानिक उत्पादन पद्धति, बेहतर पैकेजिंग, वितरण व्यवस्था और प्रभावी विपणन बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ प्रोफेसर नारायण सिंह पंवार ने मशरूम के संरक्षण, भंडारण और परिवहन में प्रसंस्करण तकनीकों की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि मशरूम के मूल्य संवर्धन और बाजार में बेहतर संभावनाएं विकसित करने के लिए सुखाने एवं वैक्यूम ड्राइंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है।
सात प्रजातियों के उत्पादन का मिलेगा प्रशिक्षण
पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ऑयस्टर, मिल्की, पिंक ऑयस्टर, शिटाके, किंग ऑयस्टर, स्ट्रॉ और गुच्छी मशरूम की उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मशरूम के प्रसंस्करण, सुखाने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा। मशरूम आधारित उत्पाद तैयार कर उद्यमिता विकसित करने और स्वरोजगार शुरू करने की संभावनाओं पर विशेष जोर रहेगा।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. यादव प्रसाद रैवनी, प्रो. एचबीएस चौहान, निदेशक बिड़ला परिसर, प्रो. अजित नेगी, प्रो. डीएस चौहान, प्रो. वीपी चमोला, प्रो. वीके पुरोहित, डॉ. डीके राणा, डॉ. नाशिर शाह, डॉ. टीएस बिप्ट, डॉ. विवेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मशरूम उत्पादन को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, प्रसंस्करण और बाजार से जोड़ने की यह पहल पहाड़ के युवाओं के लिए स्वरोजगार का प्रभावी विकल्प बन सकती है। खासकर सीमित कृषि भूमि वाले पर्वतीय क्षेत्रों में मशरूम आधारित उद्यमिता ग्रामीण पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
