नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष राजेंद्र रांगड़ का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनी रणनीति
चिन्यालीसौड़। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनावी तैयारियों को धार देने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जल विद्युत निगम अतिथि गृह चिन्यालीसौड़ में भाजपा शक्ति केंद्र संयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्य स्थापना दिवस उत्सव के अवसर पर आयोजित बैठक में कोट, बागी, पीपलमंडी और बड़ेथी शक्ति केंद्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए गए। शक्ति केंद्रों के माध्यम से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मंडल अध्यक्ष राजेंद्र रांगड़ का जोरदार स्वागत
बैठक में नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष राजेंद्र रांगड़ का विशेष रूप से स्वागत किया गया। मंडल अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे रांगड़ का फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य अभिनंदन किया गया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
बैठक में प्रभारी मंत्री जगत सिंह चौहान, नगर मंडल प्रभारी रजनी कोटवाल, पूनम रमोला, चैन सिंह, सुभाष नौटियाल, कुलवीर पंवार, कृतम सिंह और गणेश नौटियाल सहित विभिन्न शक्ति केंद्रों के संयोजक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनावी मुकाबले से पहले संगठन को मजबूत करने की कवायद
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की इस बैठक को 2027 के चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने चुनाव से पहले ही बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में शक्ति केंद्रों और बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं।
