Your Website Description

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ

गौचर नगरीय पेयजल योजना पर 32.45 करोड़ और गैरसैंण योजना पर 4.59 करोड़ रुपये खर्च

गौचर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गौचर और गैरसैंण क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया गया। दोनों योजनाओं की कुल लागत करीब 36.03 करोड़ रुपये है।

मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय गौचर मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर उनका बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने औद्योगिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप ग्रहण कर लिया और आज यह प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का मंच प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद को भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि बताते हुए कहा कि इस वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से उनकी आय बढ़ाई जा सके। इसके लिए पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति के परिश्रम और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि चमोली जनपद के विकास के लिए चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। वहीं प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।

वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ग्राम बमोथ, चमोली निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

36 करोड़ से अधिक की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया।

  • गौचर नगरीय पेयजल योजना: अमृत 2.0 के अंतर्गत कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित योजना।
  • गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना: मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विकासखंड गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य।

इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय नागरिकों को लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक चमोली के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर के अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *