रुद्रप्रयाग। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रतूड़ा में गुरुवार को आयोजित जनपद स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव-2026 में विकासखंड अगस्त्यमुनि के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अगस्त्यमुनि के प्रतिभागियों ने क्विज, मॉडल प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता तीनों में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
महोत्सव में जनपद के तीनों विकासखंडों अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ एवं जखोली के कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान विषय से संबंधित अपनी समझ, ज्ञान, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक विज्ञान के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा विकसित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक चेतना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। तीनों विकासखंडों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया, लेकिन अगस्त्यमुनि के प्रतिभागियों ने तीनों विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।
क्विज में आरव, मॉडल प्रदर्शनी में अभय और भाषण में श्रविल प्रथम
सामाजिक विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में विकासखंड अगस्त्यमुनि के आरव पटवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जखोली के कार्तिक द्वितीय स्थान पर रहे।
मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में अगस्त्यमुनि के अभय ने प्रथम, जखोली के पीयूष ने द्वितीय तथा ऊखीमठ के शिवांश ढौंडियाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं, भाषण प्रतियोगिता में अगस्त्यमुनि के श्रविल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऊखीमठ की अपेक्षा द्वितीय स्थान पर रहीं।
डायट प्राचार्य ने किया महोत्सव का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य हरिवल्लभ डिमरी, जनपद कार्यक्रम समन्वयक ममता रावत, डायट प्रवक्ताओं एवं कार्यक्रम सह-समन्वयक चैतन्य कुकरेती ने किया। क्विज प्रतियोगिता का संचालन सह-समन्वयक चैतन्य कुकरेती ने किया। भाषण एवं मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिताओं में डायट प्रवक्ता राखी बिष्ट, सूरज सिंह नेगी एवं सीआरसी सुमेरपुर रोहित कंडारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, एटलस, शिक्षण सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सह-समन्वयक एवं सीआरसी सतेराखाल चैतन्य कुकरेती को डायट रतूड़ा की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता
इस अवसर पर चैतन्य कुकरेती ने कहा कि सामाजिक विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए सार्थक मंच प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय स्तर से शुरू होकर विकासखंड, जनपद और राज्य स्तर तक किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद रुद्रप्रयाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
