Your Website Description

शीतलहर और बर्फबारी से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए अलाव, कंबल और खाद्यान्न की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

देहरादून। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आमजन की सुरक्षा, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध और आपसी समन्वय के साथ शीतकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जलेंगे अलाव, जरूरतमंदों को मिलेंगे कंबल

जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों के अंतर्गत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके लिए वन विभाग, जिला लॉगिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया। उन्होंने निर्धन, असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न समय से पहुंचा दिया जाए, ताकि बर्फबारी और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को खाद्यान्न की समस्या न हो।

रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

डीएम ने जनपद के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि ठंड के दौरान जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।

दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

जिलाधिकारी ने पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त अग्रिम भंडारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय रहते चिह्नित किया जाए। आवश्यकता के अनुसार उन्हें नजदीकी चिकित्सालयों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

अस्पतालों में दवाइयां और एंबुलेंस सेवाएं रहेंगी उपलब्ध

आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने चिकित्सकों की सूची, मोबाइल नंबर और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, गर्माहट की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

बर्फबारी में सड़कें खोलने के लिए जेसीबी और स्नो कटर तैयार रखने के निर्देश

शीतकाल एवं बर्फबारी के दौरान प्रभावित होने वाले मार्गों को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर, नमक और चूना सहित आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने तथा सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत और पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए।

पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने शीतकाल में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संभावित मार्ग अवरोध, अत्यधिक ठंड और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में पर्यटकों को समय से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने ऐसे ट्रेकिंग मार्गों को चिह्नित करने के निर्देश भी दिए, जहां खराब मौसम के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। इस संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

पशुओं की सुरक्षा और चारा उपलब्धता पर भी रहेगा ध्यान

शीतलहर एवं पाले से पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय एवं देखभाल की व्यवस्था करने तथा चारा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखने को कहा गया। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: जिलाधिकारी

बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप व्यवस्थाएं समय से पूरी करें और आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों को शीतलहर, बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *