तीन मासूम बच्चों समेत परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया, अनाज, नकदी और जेवर समेत गृहस्थी का पूरा सामान स्वाहा
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के ग्राम पंचायत सीदरी के फफराला में देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। आग लगने से दो मंजिला आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में अनिता देवी पत्नी दिनेश क्वारी का परिवार बेघर हो गया। गनीमत रही कि मकान में मौजूद तीन छोटे बालकों और एक बालिका समेत परिवार के सभी सदस्यों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी विकराल थी कि परिवार को घर का सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। मकान में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, गैस सिलेंडर, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति कुछ ही देर में राख के ढेर में तब्दील हो गई।
अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। घटना से गांव में भी दुख और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
रात दो बजे मिली थी आग लगने की सूचना
मोरी के तहसीलदार ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को अवगत कराकर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
