नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी भदूरा स्थित ग्राम पंचायत खिट्टा में सात दिवसीय पारंपरिक पांडव लीला का शुभारंभ भव्य जल कलश यात्रा और मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। ग्राम पंचायत खिट्टा एवं मंजखेत के ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पांडव लीला के शुभारंभ अवसर पर दोनों गांवों की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-दमाऊ और गाजे-बाजों के साथ पवित्र देवस्थल भंगर से मां भगवती मंदिर तक भव्य जल कलश यात्रा निकाली। धार्मिक विधि-विधान के साथ कलश यात्रा संपन्न होने के बाद पांडव लीला का मंचन शुरू हुआ।
पहले दिन लीला कलाकारों ने महाभारत के पांडवकालीन प्रसंगों और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर पांडव लीला समिति की ओर से विशेष सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। समिति ने कार्यक्रम में पहुंचे विशिष्ट अतिथियों के साथ ही लीला आयोजन से जुड़े सेवादारों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया। समिति की इस पहल से आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों का उत्साहवर्धन हुआ।
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान को देखने के लिए खिट्टा और मंजखेत सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर लीला कलाकार आनंद सिंह रावत, फूल सिंह, विक्रम सिंह, नरेश सिंह, सावन सिंह, गोकुल सिंह, सुंदर सिंह रावत, गोविंद सिंह, अनिला देवी, सोहन सिंह, कमल सिंह, मनमोद सिंह, राजेंद्र पोखरियाल, चंदन सिंह रावत, विकास पोखरियाल, महेश रावत, पप्पू पोखरियाल, पंचम सिंह, रमेश सिंह, आनंद सिंह सहित अनेक ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
