12:05 बजे विधि-विधान से संपन्न हुई कपाट बंद करने की प्रक्रिया, हजारों श्रद्धालु बने मां गंगा की विदाई के साक्षी
मुखबा में अगले छह माह तक होंगे मां गंगा के दर्शन, शीतकालीन यात्रा से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना हो गई। इस ऐतिहासिक धार्मिक अवसर पर हजारों श्रद्धालु मां गंगा की विदाई के साक्षी बने। पूरा धाम मां गंगा के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा।

कपाट बंद होने से पूर्व तीर्थ पुरोहितों ने गंगा घाट पर मां गंगा का अभिषेक और आरती की। इसके बाद मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। निर्धारित मुहूर्त पर कपाट बंद होने के बाद उत्सव डोली की विदाई यात्रा शुरू हुई। सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। मां गंगा की विदाई के भावुक क्षणों में स्थानीय श्रद्धालुओं, तीर्थ पुरोहितों और साधु-संतों ने नम आंखों से मां गंगा को विदाई दी।
मारकंडेयपुरी में होगा रात्रि विश्राम
मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली मंगलवार को रात्रि विश्राम के लिए मारकंडेयपुरी स्थित अन्नपूर्णा देवी मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई है। रात्रि में भजन-कीर्तन और संकीर्तन के माध्यम से मां गंगा की आराधना की जाएगी। बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर उत्सव डोली मुखबा गांव पहुंचेगी। यहां स्थित मुखीमठ में आगामी छह माह तक मां गंगा की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधि-विधान से संपन्न होगी।
मां गंगा के मायके मुखबा में उत्सव जैसा माहौल
गंगोत्री धाम से मां गंगा की उत्सव डोली के प्रस्थान के साथ ही उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा में स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुखबा को मां गंगा का मायका माना जाता है। डोली के आगमन को लेकर ग्रामीणों और मंदिर समिति में खासा उत्साह है। गांव में धार्मिक अनुष्ठानों और स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मुखबा स्थित मुखीमठ में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
पांच मंदिर समिति, गंगोत्री धाम के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार कपाट बंद किए गए हैं। तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को मुखबा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मां गंगा की विदाई का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
शीतकालीन यात्रा से जुड़ेंगे श्रद्धालु
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा के शीतकालीन पड़ाव की शुरुआत हो गई है। स्थानीय विधायक सुरेश चौहान ने भी मां गंगा की शीतकालीन यात्रा और श्रद्धालुओं की आस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शीतकाल में भी श्रद्धालु मुखबा पहुंचकर मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इससे शीतकालीन पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि गंगोत्री धाम में छह माह तक विराजमान रहने के बाद मां गंगा अब अपने मायके मुखबा में विराजेंगी। हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भले ही धाम के कपाट बंद हो गए हों, लेकिन मां गंगा के दर्शन और आराधना का सिलसिला मुखबा में अगले छह माह तक निरंतर जारी रहेगा।
