Your Website Description

भाजपा ने पत्रकारों के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दी शुभकामनाएं

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी परिवार की ओर से हरिद्वार रोड स्थित रिस्पना पुल के समीप एक निजी संस्थान में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवारों सहित समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा मीडिया टीम की ओर से पत्रकारों के साथ औपचारिक भेंटवार्ता की गई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने पत्रकारों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे और महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती में मीडिया की निष्पक्ष एवं जिम्मेदार भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर है। ऐसे में समाज का आईना और आवाज होने के नाते पत्रकारों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से प्रदेश और देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए समाज का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी सभी पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के बीच निरंतर संवाद बना रहता है। सामाजिक मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव राजनीति और सरकारी कामकाज को बेहतर बनाने में सहायक साबित होते हैं।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सभी पत्रकारों को दीपावली की बधाई दी और उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और उल्लास लेकर आए तथा इस सकारात्मक ऊर्जा से प्रदेश के विकास को गति मिले।

इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, संपूर्ण रावत, कुलदीप रावत, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, हनी पाठक, कमलेश रमन एवं संपर्क प्रमुख हरीश चमोली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *