देहरादून। राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 के लिए नरेंद्र सिंह नेगी और वर्ष 2025 के लिए हेमंत पांडे का चयन किया गया। नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को नई पहचान दी है।
वहीं, अभिनेता हेमंत पांडे ने अपने अभिनय के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है और भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रदान किया गया।
