रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में 25 वर्षों से जुटी लोक गायिका हेमा नेगी करासी को प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान–2026’ के लिए चयनित किया गया है। 6 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उन्हें सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा भी प्रदान किया गया है।

वर्ष 2003 से लोकसंगीत के क्षेत्र में सक्रिय हेमा नेगी करासी आछरी जागर, नागराज जागर, चण्डिका भजन और पारंपरिक मांगलिक गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकविरासत को देश-विदेश में पहचान दिला रही हैं।
उन्हें इससे पूर्व वर्ष 2025 में तीलू रौतेली पुरस्कार, 2024 में संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार और 2021 में मां नंदा शक्ति सम्मान मिल चुका है।
उनके चयन से रुद्रप्रयाग सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।
