Your Website Description

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव महोत्सव, छात्राओं ने दी लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियां

लाखा पोखरी के राजकीय आश्रम पद्धति उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, 262 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

देहरादून। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजाति कल्याण निदेशालय, देहरादून की ओर से आयोजित जनजातीय गौरव महोत्सव पखवाड़े के तहत बुधवार को राजकीय आश्रम पद्धति उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय, लाखा पोखरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक जौनसारी वेशभूषा में हारुल, तांदी, जैता और रासो लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में कुल 262 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष किशन कुमार रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य हंस कुमार चौहान ने बताया कि 1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। पारंपरिक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय विरासत को संरक्षित करने और युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *