यूजेवीएनएल के 25वें स्थापना दिवस पर 30 किलोमीटर की साइकिल रैली, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिया फिटनेस का संदेश

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के 25वें स्थापना दिवस समारोह के तहत निगम की ओर से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। देहरादून स्थित निगम मुख्यालय उज्ज्वल से शुरू हुई यह रैली गढ़ी कैंट, गुच्चूपानी और भगवंतपुर होते हुए पुरकुल गांव पहुंची। इसके बाद प्रतिभागी वापस निगम मुख्यालय लौटे। इस दौरान कार्मिकों ने करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय की।

रैली को निगम के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल और अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष कुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 70 कार्मिकों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता पर जोर

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम की ओर से यह रैली कार्मिकों के साथ आम जनता को भी स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि साइकिल जैविक ईंधन के उपयोग के बिना संचालित होने वाला सरल, लोकप्रिय और महत्वपूर्ण यातायात साधन है। इसके नियमित उपयोग से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वस्थ और प्रसन्न रहने के लिए एक बेहतरीन व्यायाम है। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्मिकों के स्वास्थ्य के लिए होती हैं खेल गतिविधियां

निगम के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल ने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से कार्मिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए साइक्लिंग सहित विभिन्न खेल गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। उन्होंने रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी साइकिल चलाकर इस आयोजन में भाग लिया।

 

70 कार्मिकों ने लिया हिस्सा

साइकिल रैली में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक आशीष कुमार जैन, महाप्रबंधक नीरज जैन, भरत भारद्वाज और राजेश कुमार, उपमहाप्रबंधक सचिन डंगवाल, जयपाल सिंह और स्वयंभू डिमरी सहित करीब 70 कार्मिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *