Your Website Description

उत्तराखंड पावर सेक्टर बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू, महिला युगल में कमला राणा और सुनीता बिष्ट बनीं चैंपियन

यूजेवीएनएल की मेजबानी में दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, ऊर्जा क्षेत्र के 13 संस्थानों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा; टीम इवेंट में यूजेवीएनएल और यूपीसीएल फाइनल में पहुंचे

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के तत्वावधान में दो दिवसीय उत्तराखंड पावर सेक्टर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का आयोजन एक और दो नवंबर को किया जा रहा है। प्रतियोगिता में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के अधिकारी और कर्मचारी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन महिला युगल वर्ग का खिताब कमला राणा और सुनीता बिष्ट की जोड़ी ने अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में सोनम मखीजा और मोना उप्रेती की जोड़ी को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों को खेलों के माध्यम से एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से आपसी सहयोग, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सौहार्द को बढ़ावा मिलता है। साथ ही व्यस्त कार्यशैली के बीच खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

13 संस्थानों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

दो दिवसीय प्रतियोगिता में यूजेवीएन लिमिटेड, यूपीसीएल, पिटकुल, उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग, ऊर्जा सेल, उरेडा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टीएचडीसी, एनटीपीसी, एनएचपीसी, रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड, जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड और अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

खेलों से मजबूत होते हैं संस्थानों के संबंध

यूजेवीएनएल के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि विभिन्न संस्थानों के बीच बेहतर संबंध और सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने पहले दिन के मुकाबलों की जानकारी देते हुए बताया कि महिला युगल वर्ग में कमला राणा और सुनीता बिष्ट की जोड़ी ने सोनम मखीजा और मोना उप्रेती की जोड़ी को पराजित कर खिताब जीता।

दूसरे दिन होंगे रोमांचक फाइनल मुकाबले

प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो नवंबर को विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टीम इवेंट में यूजेवीएन लिमिटेड और यूपीसीएल की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।

पुरुष युगल 45 प्लस वर्ग के फाइनल में जीएस बुदियाल और अमित कटारिया की जोड़ी का मुकाबला संजय कुमार और मनोज रावत की जोड़ी से होगा। महिला एकल वर्ग के खिताबी मुकाबले में कमला राणा और सोनम मखीजा आमने-सामने होंगी।

वहीं मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में ललित कुमार और पूजा नेगी की जोड़ी का मुकाबला सुमित राणा और कमला राणा की जोड़ी से होगा।

प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। पहले दिन के मुकाबले देर रात तक जारी रहे। दूसरे दिन होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *