Haridwar: उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां एक बार फिर बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड फिल्म ‘हीर रांझा’ की शूटिंग के लिए शनिवार को फिल्म यूनिट श्यामपुर पहुंची। क्षेत्र के प्रसिद्ध खैरा ढाबा में फिल्म के दृश्यों को फिल्माने के लिए सेट तैयार किया गया है। हालांकि, शनिवार को शूटिंग शुरू नहीं हो सकी।

प्रेम कहानी पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और क्षेत्रों में की जाएगी। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर अब्दुल पैन्यूली ने बताया कि फिल्म का निर्देशन साजिद अली कर रहे हैं, जबकि मुख्य भूमिका में रोहित श्रॉफ नजर आएंगे।
उन्होंने बताया कि फिल्म के लगभग 90 प्रतिशत दृश्यों की शूटिंग उत्तराखंड में ही की जाएगी। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को फिल्मी पर्दे पर पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर भी फिल्म शूटिंग से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
फिल्म की अभिनेत्री के नाम का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। शूटिंग के लिए श्यामपुर में लोकेशन तैयार की गई है। फिल्म यूनिट के क्षेत्र में पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों में भी शूटिंग को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
