Your Website Description

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा टिहरी जिला प्रशासन, हर विधानसभा में बनेगा मॉडल बूथ

नई टिहरी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर टिहरी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, अधिकारियों की जिम्मेदारियों, मतदान केंद्रों की स्थिति और मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आरओ, एआरओ, विभिन्न समितियों के नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम करने को कहा।

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनेगा मॉडल पोलिंग बूथ

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल पोलिंग बूथ स्थापित किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक निकाय में एक-एक महिला बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने मतदान केंद्रों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन बूथों पर मरम्मत या अन्य सुधार कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें समय रहते पूरा कराया जाए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों की आवश्यक सुविधाओं का आकलन कर कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखना है।

कार्मिकों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों के साथ कार्मिकों की उपलब्धता और स्थानांतरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उन विभागों को तत्काल कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिन्होंने अब तक सूची नहीं सौंपी है।

उन्होंने कहा कि जिन विभागों की ओर से पहले ही सूची उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन उसमें शामिल कार्मिकों का स्थानांतरण हो गया है, वे उनके स्थान पर तैनात नए कार्मिकों के नाम सहित संशोधित सूची भी उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

कम मतदान वाले क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

मतदाता जागरूकता को लेकर जिलाधिकारी ने स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता) कार्यक्रम के तहत गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से पिछले निर्वाचन में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान के प्रति जागरूक हों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न समितियों की तैयारियों, दायित्वों और आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित मैनुअल एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप करे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश सहित समस्त उपजिलाधिकारी, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *