Your Website Description

सड़कों को गड्ढामुक्त करने में देरी पर गढ़वाल आयुक्त नाराज, 16 अक्टूबर तक काम पूरा करने के सख्त निर्देश

देहरादून। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्धारित समयसीमा तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भारी बारिश से प्रभावित हुआ मरम्मत कार्य

समीक्षा बैठक में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण के लिए आवश्यक अनुकूल तापमान नहीं मिल पाया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, शेष सड़कों पर मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है। इसे 16 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करें काम

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने सभी निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करने और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *