50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में सजी स्टार नाइट, लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
नई टिहरी। ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या हास्य और पहाड़ी लोकगीतों के नाम रही। नरेंद्रनगर स्थित मुख्य मेला मैदान में आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं, हिमाचल और जौनसार क्षेत्र के लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर के गीतों पर देर रात तक दर्शक झूमते रहे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल तथा नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने मंच पर पहुंचे कलाकारों को पहाड़ी टोपी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
हास्य प्रस्तुतियों से गूंजा मेला मैदान
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की प्रस्तुतियों से हुई। दोनों कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, हास्य संवादों और शानदार अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान मेला मैदान देर तक ठहाकों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
पहाड़ी गीतों पर देर रात तक थिरके दर्शक
हास्य प्रस्तुतियों के बाद लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने मंच संभाला। दोनों गायकों ने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ और ‘नाटी किंग’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। पहाड़ी लोकधुनों पर युवा समेत सभी आयु वर्ग के दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। स्टार नाइट ने मेले की सांस्कृतिक रौनक को और बढ़ा दिया।

लोक संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम है मेला : सुबोध उनियाल
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी और पार्वती नौटियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
